रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए सरकार की उपलब्धियों को प्रमुखता से रखा। अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के जनादेश के खिलाफ बताया और हालिया चुनावी नतीजों का हवाला देते हुए भाजपा सरकार के प्रति जनता के समर्थन का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों में मिले जनादेश ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव राजनीतिक हताशा का परिणाम है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने अपने भाषण में सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाखों हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने का दावा किया।
उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि उसका अविश्वास आखिर किन लोगों के खिलाफ है—उन किसानों के, जिन्हें समर्थन मूल्य और बोनस का लाभ मिला, या उन महिलाओं के, जिन्हें महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिल रही है।
सुशासन और विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सुशासन, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार और वर्तमान सरकार के कार्यों की तुलना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अविश्वास प्रस्ताव पर हुई चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। मुख्यमंत्री के जवाब के बाद सदन में सरकार ने अपनी नीतियों और उपलब्धियों का पक्ष मजबूती से रखा।





