रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने दिल्ली दौरे को लेकर जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय की ओर से विभागीय समिट का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि समिट में जल संरक्षण, सिंचाई और पेयजल से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। छत्तीसगढ़ में भी जल संरक्षण की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। प्रदेश में किए जा रहे कार्यों और प्रयासों की जानकारी इस समिट में साझा की जाएगी।
जल संरक्षण के कार्यों पर होगी चर्चा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जल संरक्षण आज देश के लिए महत्वपूर्ण विषय है। छत्तीसगढ़ में जल स्रोतों के संरक्षण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई स्तरों पर काम किया जा रहा है। दिल्ली में होने वाले समिट के दौरान राज्य के इन प्रयासों को सामने रखने का अवसर मिलेगा।
GDP ग्रोथ पर CM साय ने कही ये बात
देश की GDP ग्रोथ को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वैश्विक स्तर पर लगातार अशांति का वातावरण बना हुआ है। इसके बावजूद भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार आर्थिक विकास कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में देश की GDP ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रही है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि और अथक परिश्रम का प्रमाण बताया।





