July 29, 2026

मुख्यमंत्री साय ने तेंदूपत्ता संग्रहण फड़ का किया निरीक्षण, संग्राहकों से किया सीधा संवाद

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सूरजपुर प्रवास के दौरान रामानुजनगर प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति अंतर्गत तेंदूपत्ता संग्रहण फड़ पटना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं, आजीविका और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री के आगमन पर तेंदूपत्ता संग्राहकों ने तेंदूपत्ता और तेंदू फल से निर्मित विशेष माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, विधायक भूलन सिंह मरावी और वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा का भी सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महुआ पेड़ की छांव में चौपाल लगाकर संग्राहकों से सीधे चर्चा की। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, जल जीवन मिशन की प्रगति, राजस्व मामलों, शिक्षा व्यवस्था और महतारी वंदन योजना की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं से महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि के उपयोग के बारे में भी चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि इस राशि का उपयोग परिवार की जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई में किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों की आय और कार्य परिस्थितियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वनाधारित आजीविका से जुड़े परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संग्राहकों को चरण पादुका भी वितरित की।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 के लिए तेंदूपत्ता संग्रहण की दर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा निर्धारित की गई है। फड़ पटना में 50 मानक बोरा संग्रहण का लक्ष्य तय किया गया था, जबकि 21 मई 2026 तक 66.640 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया जा चुका है। इस कार्य से कुल 108 संग्राहक जुड़े हुए हैं।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्राहक उपस्थित रहे।