March 3, 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनप्रतिनिधियों संग सुना प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम

रायपुर। विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड का श्रवण किया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, अखिलेश सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला सशक्त संवाद बन चुका है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने में हो रहे प्रेरक प्रयासों और असाधारण उपलब्धियों को सामने लाने वाला मंच है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता और संभावनाओं का उल्लेख करते हुए नई दिशा का संदेश दिया। हाल ही में दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में भारत की तकनीकी शक्ति को विश्व ने सराहा तथा ‘मेड इन इंडिया’ के तीन एआई मॉडल लॉन्च होना देश की नवाचार क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भी नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से तकनीकी नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में धान की 500 से अधिक किस्मों की खेती हो रही है और भारत विश्व का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बन चुका है। उन्होंने कहा कि इसमें छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के किसानों, वैज्ञानिकों और सरकार की नीतियों का महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने कहा कि अमूल के माध्यम से पशु चिकित्सा और डेयरी प्रबंधन में एआई के उपयोग तथा ‘सुश्रुत संहिता’ जैसे प्राचीन ग्रंथों के संरक्षण के प्रयास भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।

मुख्यमंत्री ने केरल की 10 माह की बालिका के अंगदान के निर्णय को मानवता की अनुपम मिसाल बताते हुए कहा कि यह समाज में जागरूकता बढ़ाने वाला प्रेरक कदम है। साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा डिजिटल फ्रॉड और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने, केवाईसी एवं बैंकिंग सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के संदेश को भी अत्यंत प्रासंगिक बताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ का प्रत्येक एपिसोड आत्मनिर्भर भारत, तकनीकी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में देश के बढ़ते कदमों का सशक्त उदाहरण है। यह कार्यक्रम नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।