March 4, 2026

महाशिवरात्रि पर रायगढ़ पहुंचे CM विष्णु देव साय, कोसमनारा धाम में पूजा-अर्चना, 1.20 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

रायपुर/रायगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ एवं श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा महाशिवरात्रि पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

1.20 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

मुख्यमंत्री साय ने जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। प्रस्तावित कार्यों में शामिल हैं:

  • मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण
  • आगंतुकों के विश्राम व भोजन हेतु शेड निर्माण
  • शौचालय परिसर भवन निर्माण
  • पार्किंग क्षेत्र के लिए सीसी सड़क निर्माण

उन्होंने कहा कि इन कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धाम का विकास होगा।

आस्था का प्रमुख केंद्र है कोसमनारा धाम

रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित कोसमनारा धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा एवं भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

स्थानीय जनश्रुति के अनुसार, बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं और वर्ष 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई। बताया जाता है कि उन्होंने पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित किया और उसी स्थान को अपनी तपोभूमि बनाया। वर्षा, ग्रीष्म और शीत—तीनों ऋतुओं में खुले स्थान पर साधना करना उनकी तपस्या की विशेष पहचान है।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।