रायपुर। कांग्रेस द्वारा मनाए जा रहे बोरे-बासी दिवस को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बोरे-बासी दिवस मनाने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि गांवों में लोग इसे रोजमर्रा के भोजन के रूप में खाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन से कुछ लोग खुद को अधिक छत्तीसगढ़िया दिखाने की कोशिश करते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि प्रदेश में आज से सुशासन तिहार की शुरुआत हो गई है, जो 10 जून तक चलेगा। इस अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनसमस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन शिविरों में आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाएगा और उनका त्वरित निराकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री स्वयं भी विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर शिविरों में शामिल होंगे। साथ ही जनप्रतिनिधि भी इसमें भाग लेकर जनता से सीधे संवाद स्थापित करेंगे।
सरकार का उद्देश्य लोगों को सरल, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जा सके।





