रायपुर/बलरामपुर। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है। रायपुर समेत अधिकांश जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। वहीं बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड में जमकर ओलावृष्टि हुई।
मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिक बीके चिंधालोरे ने बताया कि अगले दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है। कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। हालांकि अगले सात दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
20 मिनट तक ओले, फसलों को नुकसान की आशंका
वाड्रफनगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद तेज आंधी-तूफान के साथ 15 से 20 मिनट तक लगातार ओले गिरे। पूरे इलाके में बर्फ जैसी परत जम गई। तेज हवाओं से पेड़-पौधे झुक गए और खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
किसानों के अनुसार गेहूं, राई, सरसों और मौसमी सब्जियों की फसल पर ओलावृष्टि का प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी
अचानक बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। तापमान में उतार-चढ़ाव से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। लोगों से अपील की गई है कि आवश्यकता होने पर ही यात्रा करें और बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें।
मौसम के इस बदलाव ने जहां ठंडक बढ़ा दी है, वहीं किसानों और आमजन की चिंता भी बढ़ा दी है।





