रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 को राज्य की मजबूत और संतुलित अर्थव्यवस्था का प्रमाण बताया है। उन्होंने कहा कि समृद्ध किसान, मजबूत उद्योग और विस्तृत सेवा क्षेत्र विकसित छत्तीसगढ़ की सशक्त नींव हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक के बाद एक छह पोस्ट करते हुए कहा कि वर्ष 2025-26 में प्रदेश का GSDP प्रचलित भावों पर बढ़कर ₹6,31,291 करोड़ अनुमानित है, जिसकी वृद्धि दर 11.57% है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है।
उन्होंने बताया कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में 12.53%, उद्योग क्षेत्र में 10.26% और सेवा क्षेत्र में 13.15% वृद्धि का अनुमान है, जो दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ किसानों की समृद्धि और औद्योगिक मजबूती के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कृषि और उद्योग पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कृषि क्षेत्र में 12.53% की अनुमानित वृद्धि किसानों की मेहनत और सरकार की किसान-हितैषी नीतियों का परिणाम है। “समृद्ध किसान ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव है,” उन्होंने कहा।
उद्योग क्षेत्र में 10.26% वृद्धि और राज्य की अर्थव्यवस्था में लगभग 49% योगदान को उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक ताकत का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि निवेश, रोजगार और अधोसंरचना विकास के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
सेवा क्षेत्र बना नई अर्थव्यवस्था का आधार
आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार सेवा क्षेत्र में 13.15% वृद्धि अनुमानित है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
प्रति व्यक्ति आय में 10% से अधिक वृद्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025-26 में प्रति व्यक्ति आय बढ़कर लगभग ₹1.79 लाख होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.07% अधिक है। यह बढ़ती आर्थिक गतिविधियों और विकासोन्मुख नीतियों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर परिवार की आय बढ़े, जीवन स्तर बेहतर हो और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। “हमारा संकल्प है कि छत्तीसगढ़ का हर परिवार आर्थिक रूप से सशक्त और समृद्ध बने,” मुख्यमंत्री साय ने कहा।





