July 23, 2026

बिलासपुर-जांजगीर में भारी बारिश पर CM साय सख्त, राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ काम करते हुए प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक समय पर राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक सेवाएं बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जलनिकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और जनसुविधाओं को जल्द सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित जिलों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।