रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव पूरी तरह निराधार, तथ्यहीन और राजनीतिक हताशा का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के जनादेश के खिलाफ है, जिसने विधानसभा, लोकसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा पर लगातार विश्वास जताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस कांग्रेस को जनता ने विपक्ष में बैठाया है, वही अब जनता के फैसले पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि जिस दल पर जनता स्वयं अविश्वास जता चुकी हो, उसे जनविश्वास वाली सरकार पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।
कांग्रेस पर लगाए वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार के आरोप
विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी, बेरोजगारी भत्ता और महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसे कई वादे अधूरे रहे। साथ ही कांग्रेस के कार्यकाल को शराब, कोयला, डीएमएफ, राशन, महादेव ऐप और पीएससी भर्ती विवाद जैसे मामलों से जोड़ते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आते ही पीएससी मामले की जांच सीबीआई को सौंपकर युवाओं का विश्वास बहाल किया।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने ढाई वर्षों में मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारा है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी, दो साल का बकाया बोनस, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत करोड़ों रुपये सीधे महिलाओं के खातों में पहुंचे हैं। वहीं किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, विद्युत सब्सिडी और कृषि अधोसंरचना में रिकॉर्ड निवेश किया गया है।
आदिवासी विकास, कानून व्यवस्था और नक्सलवाद पर भी बोले
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाया, चरणपादुका योजना फिर शुरू की और वनाधिकार से जुड़े कई फैसले लिए। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता की ओर बढ़ रहा है।
निवेश, ऊर्जा और प्रशासनिक सुधारों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के तहत राज्य को 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, बिजली बिल समाधान योजना, सौर ऊर्जा विस्तार और ऊर्जा उत्पादन में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया।
प्रशासनिक सुधारों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक उपस्थिति, ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु, स्मार्ट रजिस्ट्री, सुशासन तिहार और सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान जैसी पहल से प्रशासन को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया गया है।
‘जनता का भरोसा भाजपा सरकार के साथ’
अपने भाषण के अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पूरी तरह खोखला और राजनीतिक नौटंकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का भरोसा भाजपा सरकार के साथ है और राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।





