रायपुर। राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधी।
वहीं स्कूली बच्चियों ने सीआईएसएफ, बीएसएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का उत्सव मनाया। कार्यक्रम के दौरान मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
शहीद जवान की पत्नी ने CM साय को बांधी राखी
कार्यक्रम में शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधी। इस दौरान मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि आज उन्हें एक सगी बहन से बढ़कर बहन मिली है। सीएम ने कहा कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है और वे केवल भाई-भाई हैं, लेकिन आज माधुरी वर्मा ने उन्हें भाई का रिश्ता दिया है।
800 जवानों को बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र
कार्यक्रम में स्कूली बच्चियों ने केंद्रीय सुरक्षा बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों की कलाई पर राखी बांधी। करीब 800 जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहन-भाई का रिश्ता प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई उनकी आजीवन रक्षा का संकल्प लेते हैं।
जवानों के पराक्रम को CM ने किया नमन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और पराक्रम को नमन किया। उन्होंने कहा कि जवानों के संघर्ष और बलिदान से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जवानों ने बहनों को बड़ा उपहार दिया है।
68 लाख बहनों के खातों में पहुंचेगी महतारी वंदन की किस्त
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत बहनों को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। अगले महीने की किस्त के रूप में 68 लाख बहनों के खातों में 631 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।
बस्तर के विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में लंबे समय से विकास कार्य प्रभावित रहे हैं, लेकिन अब क्षेत्र में तेजी से विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकल रहे बस्तर संभाग में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और प्रोजेक्ट का शुभारंभ भी किया गया।





