रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सक्ती जिला कार्यालय में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में राज्य और जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री साय ने मेधावी विद्यार्थियों से संवाद कर उनके भविष्य के लक्ष्य, करियर योजनाओं और रुचियों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने की इच्छा जताई।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और ऊंचे सपनों की सराहना करते हुए कहा कि समर्पण, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी बड़े लक्ष्य तय कर पूरी निष्ठा से उन्हें हासिल करने का प्रयास करते हैं, सफलता उनके कदम अवश्य चूमती है।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ का हर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़े और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
अन्य विद्यार्थियों के लिए बनेंगे प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मानित विद्यार्थी केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का गौरव हैं। उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी और प्रदेश में उत्कृष्टता की नई संस्कृति को मजबूत करेंगी।
समारोह में प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहब, सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





