March 3, 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62वां जन्मदिवस आज, पीएम मोदी और अमित शाह सहित कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

रायपुर। विष्णुदेव साय आज अपना 62वां जन्मदिवस मना रहे हैं। इस अवसर पर नरेंद्र मोदी, अमित शाह और रामेन डेका सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नेताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए राज्य के विकास में उनके नेतृत्व की सराहना की।

छत्तीसगढ़ के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जन्म 21 फरवरी 1964 को जशपुर जिले के कांसाबेल तहसील के ग्राम बगिया में हुआ। वे एक मध्यमवर्गीय कृषक परिवार से आते हैं। आदिवासी पृष्ठभूमि से आने वाले साय छत्तीसगढ़ के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री हैं।

उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा लोयोला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुनकुरी से पूरी की। 27 मई 1991 को उनका विवाह कौशल्या साय से हुआ। उनके एक पुत्र और दो बेटियां हैं।

पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर

विष्णुदेव साय ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1989 में ग्राम पंचायत बगिया के पंच के रूप में की। 1990 में वे निर्विरोध सरपंच चुने गए। इसके बाद 1990 से 1998 तक तपकरा क्षेत्र से मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे।

1999 में वे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए और 2004, 2009 तथा 2014 में भी लोकसभा पहुंचे। 2014 से 2019 तक वे केंद्र सरकार में इस्पात, खान, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में राज्य मंत्री रहे।

वे 2006 में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बने और 2011 तथा 2020 से 2022 तक दोबारा यह जिम्मेदारी संभाली। 2023 के विधानसभा चुनाव में कुनकुरी सीट से विधायक चुने गए और 10 दिसंबर 2023 को विधायक दल ने उन्हें नेता चुनते हुए मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी।

राजनीतिक विरासत से जुड़ा परिवार

उनके बड़े पिताजी स्वर्गीय नरहरि प्रसाद साय विधायक और लोकसभा सांसद रहे। परिवार के अन्य सदस्य भी सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं।

नेताओं ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के विकास की सराहना की और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शांति, सुरक्षा और हर वर्ग के कल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

राज्यपाल रामेन डेका ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में राज्य की निरंतर प्रगति की कामना की।

जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेशभर से समर्थक और कार्यकर्ता उन्हें बधाई दे रहे हैं।