जशपुर। विष्णुदेव साय ने अपना 62वां जन्मदिवस जशपुर जिले के बगिया स्थित बालक आश्रम के बच्चों के बीच मनाया। उन्होंने बगिया हेलीपैड के समीप स्थित बालक आश्रम पहुंचकर बच्चों के साथ केक काटा और आत्मीय समय बिताया।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर आश्रम के बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। वे खुशी से उनके आसपास एकत्र हो गए और उनसे बातचीत करने लगे।

बच्चों से किया आत्मीय संवाद
मुख्यमंत्री ने बच्चों से स्नेहपूर्वक संवाद करते हुए उनका हालचाल जाना। उनके सहज और संवेदनशील व्यवहार से बच्चे भावुक और प्रसन्न दिखाई दिए। आश्रम परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा।
उन्होंने अपने हाथों से बच्चों को केक और चॉकलेट वितरित कर जन्मदिवस की खुशी साझा की। बालक आश्रम बगिया में कक्षा पहली से पांचवीं तक के छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश बच्चे आदिवासी समुदाय से हैं।

पढ़ाई पर ध्यान देने की दी सीख
मुख्यमंत्री ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, आगे बढ़ने और अपने परिवार, समाज व प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार तथा अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।






