May 15, 2026

CM साय के काफिले में दिखीं नई स्कॉर्पियो, फार्च्यूनर की जगह अब बुलेटप्रूफ SUV शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के काफिले में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिला, जिसने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हैरान कर दिया। प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने के दौरान सीएम के काफिले में पहली बार टोयोटा फार्च्यूनर की जगह नई स्कॉर्पियो गाड़ियां नजर आईं।

करीब ढाई साल के कार्यकाल के बाद मुख्यमंत्री को नई गाड़ी में देखकर मौजूद लोग उत्सुक हो गए और गाड़ियों के बारे में जानकारी लेने लगे। अब तक मुख्यमंत्री पूर्व सीएम भूपेश बघेल के कार्यकाल में खरीदी गई फार्च्यूनर का ही इस्तेमाल कर रहे थे।

नई व्यवस्था के तहत काफिले में एक-दो नहीं बल्कि कुल छह नई स्कॉर्पियो गाड़ियों को शामिल किया गया है। जानकारी के अनुसार ये सभी गाड़ियां बुलेटप्रूफ हैं और सुरक्षा के लिहाज से काफिले में शामिल की गई हैं।

इस बदलाव को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुरानी गाड़ियां काफी पुरानी हो चुकी थीं और कई बार बीच रास्ते में खराब भी हो जाती थीं। इसी वजह से उन्हें बदलने का निर्णय लिया गया।

सीएम ने बताया कि बेहतर सुरक्षा और सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए काफिले में नई गाड़ियों को शामिल किया गया है।