May 14, 2026

Raipur News : ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर CM साय ने भारतीय सेना के शौर्य को किया नमन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ पर भारतीय सेना के साहस, पराक्रम और रणनीतिक क्षमता को नमन किया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि नए भारत की निर्णायक शक्ति और आतंकवाद के खिलाफ मजबूत संकल्प का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि एक वर्ष पहले पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था, लेकिन भारत ने उसका ऐसा जवाब दिया जिसने इतिहास में शौर्य का नया अध्याय जोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया कि नया भारत आतंकवाद को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगा। अब भारत चुपचाप सहने वाला राष्ट्र नहीं, बल्कि हर चुनौती का निर्णायक जवाब देने में सक्षम देश बन चुका है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस अभियान ने भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, बेहतरीन रणनीति और राष्ट्र के प्रति समर्पण को अमर कर दिया। उन्होंने कहा कि आतंक के सरपरस्तों को जिस सटीकता और प्रभावशाली क्षमता के साथ जवाब दिया गया, उससे वैश्विक मंच पर भारत की सैन्य शक्ति की नई पहचान बनी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ “शून्य सहिष्णुता” की नीति को केवल शब्दों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे धरातल पर साबित भी किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेनाओं की संयुक्त शक्ति, आधुनिक युद्ध तकनीक और आत्मनिर्भर रक्षा व्यवस्था ने यह साबित कर दिया है कि भारत अब केवल प्रतिक्रिया नहीं देता, बल्कि जरूरत पड़ने पर निर्णायक प्रतिकार भी करता है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर देश के वीर जवानों को नमन करते हुए पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले पर्यटकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।