रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में बस्तर में आयोजित 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार शाम रायपुर लौट आए। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए बैठक को “सार्थक और विकासोन्मुख” बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बैठक में चार राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इसका मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने कहा कि परिषद की बैठक में विकास, सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
सीएम साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार ने केंद्र सरकार के साथ अपेक्षित सहयोग नहीं किया, जबकि केंद्र सरकार हमेशा नक्सलवाद के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध रही है।
बस्तर में सुरक्षा कैंपों को “सेवाडेरा” के रूप में विकसित किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल 200 सुरक्षा कैंपों में से 70 कैंपों को सेवाडेरा के रूप में परिवर्तित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत एक कैंप से कर दी गई है और आगे इसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवाडेरा मॉडल के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा, जिससे बस्तर के विकास को नई दिशा मिलेगी।





