May 17, 2026

जशपुर बस हादसे पर CM साय ने जताया दुख, बोले– घायलों के इलाज में न हो कोई कमी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

सीएम साय ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

दरअसल, शुक्रवार सुबह करडेगा से कुनकुरी आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।