रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने काफिले में कटौती करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक काफिले से 5 गाड़ियां कम कर दी हैं। अब उनके काफिले में 13 की जगह केवल 8 वाहन शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में पेट्रोल-डीजल जैसे संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना सभी का राष्ट्रीय दायित्व है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने भ्रमण के दौरान केवल जरूरी वाहनों को ही कारकेड में शामिल करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी वाहनों और संसाधनों का संयमित उपयोग करने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य के शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) में बदलने की दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू की जाएगी।
सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहनों के इस्तेमाल से बचने की अपील भी की है।





