July 29, 2026

मुख्यमंत्री साय ने बड़ेकनेरा में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया, ‘सेवा सेतु’ मॉडल की सराहना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में स्थापित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया और ग्रामीण डिजिटल सुशासन के अभिनव मॉडल ‘सेवा सेतु’ की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं की जानकारी ली और लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और पहुंच का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को उनके गांव में ही सरल, पारदर्शी और सहज रूप में उपलब्ध हो। उन्होंने ‘सेवा सेतु’ अभियान और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र को ग्रामीण डिजिटल सुशासन को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर ग्रामीण हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से उन्हें आर्थिक रूप से काफी सहायता मिल रही है। महिलाओं ने कहा कि इन योजनाओं ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में संचालित ‘सेवा सेतु’ केंद्र के माध्यम से एक ही स्थान पर कई शासकीय और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें प्रमाण पत्र निर्माण, पेंशन सेवाएं, बैंकिंग लेन-देन, बीमा, बिल भुगतान और विभिन्न सरकारी योजनाओं का ऑनलाइन पंजीयन शामिल है।

केंद्र के संचालन से ग्रामीणों को अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, जिससे समय, श्रम और धन की बचत हो रही है। जानकारी के अनुसार, इस केंद्र के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 15 से 20 लाख रुपये का डिजिटल लेन-देन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मॉडल ‘गांव के द्वार, डिजिटल सरकार’ की अवधारणा को साकार कर रहा है और यह ग्रामीण डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम है।