जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को सुशासन तिहार 2026 के तहत औचक निरीक्षण पर जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोसला पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर गांव में उतरते ही प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
प्रदेश में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से “सुशासन तिहार 2026” अभियान चलाया जा रहा है, जो 10 जून 2026 तक प्रदेशभर में संचालित होगा। अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं।
इसी अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय औचक निरीक्षण पर ग्राम कोसला पहुंचे। यहां उन्होंने माता कौशल्या मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर सेवा समिति और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने मंदिर परिसर में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, आस्था और परंपराएं प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। राज्य सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मंदिर सेवा समिति की ओर से मुख्यमंत्री को माता कौशल्या मंदिर का आकर्षक छायाचित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया। मुख्यमंत्री के अचानक आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।





