May 14, 2026

रायपुर: मैनपाट में पेयजल संकट पर CM साय सख्त, कलेक्टर को तत्काल व्यवस्था के निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र स्थित चेराजोबला बस्ती में पेयजल समस्या को लेकर सामने आई खबर पर त्वरित संज्ञान लिया है। उन्होंने दूषित पानी के उपयोग की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत को फोन कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पेयजल संकट पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित बस्ती का तुरंत स्थलीय निरीक्षण किया जाए और जरूरत के मुताबिक हैंडपंप खनन, वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

दूरस्थ क्षेत्रों पर विशेष फोकस

CM साय ने स्पष्ट कहा कि वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बुनियादी सुविधाओं की नियमित समीक्षा

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों वाले क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर सुनिश्चित हो सके।