छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दौरे के दौरान रविवार रात सर्किट हाउस परिसर में उस वक्त हंगामा मच गया, जब भाजपा नेत्री गौरी गुप्ता को अंदर जाने से रोक दिया गया। इस दौरान उनकी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से तीखी बहस हो गई।
बताया जा रहा है कि गौरी गुप्ता ने खुद को प्रदेश युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष बताते हुए पुलिस पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें रोकना प्रोटोकॉल के खिलाफ है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा कि “प्रोटोकॉल नहीं जानते? एसपी भी नहीं रोकते।”
घटना के दौरान कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया। हंगामे के बीच एक अन्य भाजपा नेता के हस्तक्षेप के बाद गौरी गुप्ता को सर्किट हाउस के अंदर प्रवेश दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेत्री और पुलिसकर्मियों के बीच हुई बहस साफ देखी जा सकती है। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।





