कोरबा। जिला पंचायत कार्यालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जहरीला कोबरा सांप दफ्तर परिसर में फन फैलाए बैठा दिखाई दिया। करीब 3 फीट लंबे कोबरा को देखकर कर्मचारियों और अधिकारियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर जिला पंचायत कार्यालय में कर्मचारी और अधिकारी अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान किसी कर्मचारी की नजर दफ्तर के एक कोने में बैठे कोबरा पर पड़ी। सांप को देखते ही कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षा के लिए वहां से दूर हटने लगे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यू सोसाइटी (RCRS) को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही संस्था के प्रमुख Avinash Yadav अपनी टीम के सदस्य मानस के साथ रेस्क्यू उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे।
रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाते हुए कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद कार्यालय कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू टीम के अनुसार बरसात के मौसम में सांप अक्सर सुरक्षित और सूखी जगहों की तलाश में रिहायशी और कार्यालय क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। ऐसे मामलों में लोगों को घबराने के बजाय विशेषज्ञों को सूचना देने की सलाह दी गई है।





