July 23, 2026

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से पहले बढ़ा विवाद, सोशल मीडिया पर मिलीं धमकियां

नई दिल्ली। देश के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी के बाद चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदर्शन से पहले ही संगठन और उसके समर्थकों को सोशल मीडिया पर धमकियां मिलने लगी हैं। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग वीडियो जारी कर प्रदर्शन के दौरान मौजूद रहने और विरोध करने की बात कह रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग CJP को राष्ट्र विरोधी बताते हुए उसके कार्यक्रम का विरोध करने की बात कह रहे हैं। एक वीडियो में एक युवक अपने समर्थकों के साथ 6 जून को संसद मार्ग थाने पहुंचने की बात कहता दिखाई दे रहा है। वहीं एक अन्य वीडियो में प्रदर्शन को रोकने और कानून के दायरे में कार्रवाई करने जैसी बातें कही गई हैं।

इसी बीच हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी ने भी वीडियो संदेश जारी कर CJP के विरोध का ऐलान किया है। उनके बयान के बाद विवाद और बढ़ गया है।

उधर, अमेरिका में रहने वाले CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके शनिवार को दिल्ली पहुंचने वाले हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर समर्थकों से अपील की है कि वे उनके स्वागत के लिए दिल्ली हवाई अड्डे पर एकत्रित न हों और सीधे संसद मार्ग थाने पहुंचें।

अभिजीत दिपके ने कहा कि आम लोगों को असुविधा से बचाने के लिए हवाई अड्डे पर स्वागत कार्यक्रम को टाल दिया गया है। उन्होंने बताया कि आवश्यक अनुमति प्रक्रिया पूरी करने के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

फिलहाल कार्यक्रम को लेकर दिल्ली पुलिस और प्रशासन की तैयारियों पर भी नजर बनी हुई है। प्रदर्शन और उसके विरोध के ऐलान के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की संभावना है।