July 23, 2026

रायपुर: 249 बोतल कोडीन सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार, 1.40 लाख का माल जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 249 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन सहित करीब 1.40 लाख रुपये का माल जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को 5 जून को सूचना मिली थी कि झाबक पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति बैग में बड़ी मात्रा में नशीली सिरप लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।

बैग की तलाशी में मिला प्रतिबंधित सिरप

पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल कुमार साहू निवासी दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 249 शीशी कोडीन युक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद हुई।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया आरोपी

नशीली सिरप के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कार्रवाई की।

1.40 लाख रुपये का माल जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 249 शीशी नशीली सिरप और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

गुढ़ियारी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 238/2026 दर्ज कर धारा 21 (सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब नशीली सिरप के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।