कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशन में कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार ने जिले के ग्रामीण एवं शहरी अंचलों से आए नागरिकों की समस्याएँ सुनीं। जनदर्शन में नागरिकों ने व्यक्तिगत और सार्वजनिक हित से जुड़े मुद्दे सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।
अपर कलेक्टर ने प्राप्त 32 आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनदर्शन में प्रस्तुत प्रमुख आवेदनों में भूमि संबंधित विवाद, शौचालय निर्माण कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित समस्याएं, सौर पंप एवं सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताएँ, आर्थिक सहायता की मांग और अन्य स्थानीय शिकायतें शामिल थीं।
अपर कलेक्टर ने कहा कि सभी मामलों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्यवाही की जाएगी, ताकि आम नागरिकों का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।




