रायपुर |
छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के खिलाफ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की गई है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को रोका गया है और D.Ed. प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं दी गई है।
हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज नहीं हुई
अभ्यर्थियों के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराने के दौरान कॉल अटेंडर ने बताया कि इस विषय से संबंधित श्रेणी फिलहाल पोर्टल में उपलब्ध नहीं है, इसलिए शिकायत दर्ज नहीं की जा सकती। हालांकि, यदि किसी अभ्यर्थी को जॉइनिंग लेटर जारी होने के बाद भी पदस्थापना नहीं मिली हो, तो ऐसी स्थिति में शिकायत दर्ज की जा सकती है।
भर्ती रोकने के कारण पर सवाल
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया आखिर क्यों रोकी गई है, इसकी स्पष्ट जानकारी विभाग या शिक्षा मंत्री की ओर से नहीं दी जा रही है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर लगातार टालमटोल किया जा रहा है और भर्ती में देरी के कारण हजारों उम्मीदवार प्रभावित हो रहे हैं।
2300 पदों पर नियुक्ति की मांग
सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के तहत नियुक्ति की मांग को लेकर D.Ed. प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन आमरण अनशन गुरुवार को 170वें दिन में पहुंच गया। आंदोलनकारियों का कहना है कि प्रदेश में लगभग 2300 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जानी है। मेरिट सूची में नाम आने और न्यायालय के आदेश के बावजूद नियुक्ति नहीं मिलने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ रही है।
गर्मी में बिगड़ी अभ्यर्थी की तबीयत
धरना स्थल पर भीषण गर्मी के बीच आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की तबीयत लगातार प्रभावित हो रही है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के अभ्यर्थी मृगेंद्र रजवाड़े की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें नवा रायपुर स्थित राखी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सरकार से जल्द निर्णय की मांग
आंदोलनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले तीन वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। उनका दावा है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि अपने वैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर किया जा रहा है। अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द निर्णय लेने और लंबित नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।





