रायपुर: कांग्रेस ने मुख्यमंत्री की सामूहिक कन्या विवाह योजना को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री सुबोध हरितवाल ने प्रेसवार्ता में दावा किया कि इस योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है और करोड़ों रुपये का काम बिना नियमों के कराया जा रहा है।
हरितवाल ने कहा कि 10 फरवरी को साइंस कॉलेज मैदान में होने वाले कार्यक्रम में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोजन के लिए निविदा (टेंडर) प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, जबकि नियमानुसार CSIDC के माध्यम से कंपनियों से निविदा आमंत्रित की जाती है। उन्होंने बताया कि 4 फरवरी को केवल 5 कंपनियों को बुलाया गया और उन्हें 24 घंटे के भीतर डिजाइन प्रेजेंटेशन प्रस्तुत करने को कहा गया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि बिना निविदा प्रक्रिया के काम शुरू हो चुका है और आयोजन पर 5 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है। उन्होंने इसे “जंबूरी भ्रष्टाचार 2.0” करार दिया और सवाल उठाया कि यह प्रक्रिया कैसे संभव हुई।
हरितवाल ने कहा कि साइंस कॉलेज मैदान प्रशासन की ओर से वर्क ऑर्डर जारी किया जाता है, ऐसे में क्या इसे पहले ही वर्क ऑर्डर दे दिया गया? उन्होंने महिला एवं बाल विकास मंत्री और उनके विभाग को सीधे जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





