महासमुंद। कांग्रेस भवन में गुरुवार को जमकर हंगामा देखने को मिला, जहां पार्टी पदाधिकारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान कुर्सियां टूट गईं और कांच भी चकनाचूर हो गए।
दरअसल, महंगाई को लेकर कांग्रेस की प्रेस वार्ता आयोजित की गई थी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष विजय साव, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और कार्यकर्ता निर्मल जैन के बीच सूचना देने को लेकर बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और तीनों के बीच जमकर जूतम-पैजार होने लगी। इस दौरान एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकी गईं, जिससे पूरे भवन में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में तीनों के कपड़े भी फट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने विजय साव को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने, जिसके बाद सख्ती दिखाते हुए उन्हें भवन से बाहर निकाला गया।
घटना से नाराज कांग्रेस नेताओं ने विजय साव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।





