रायपुर। पूर्व विधायक Vikas Upadhyay के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर के पंडरी स्थित सिटी सेंटर मॉल के सामने एक्सप्रेस-वे में कथित अवैध मार्ग खोले जाने के विरोध में देवेंद्र नगर थाना पहुंचकर PWD अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान शासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सड़क के दोनों ओर किसी भी प्रकार का नया कट या मार्ग नहीं खोला जाएगा, ताकि तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि 5 दिसंबर 2017 को जारी शासन के नोटिफिकेशन में भी इस संबंध में स्पष्ट नियम तय किए गए थे।
कांग्रेस का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने नियमों और तकनीकी मानकों की अनदेखी करते हुए एक्सप्रेस-वे के सामने अवैध रूप से रास्ता खोल दिया, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। पार्टी ने इसे पद के दुरुपयोग और नियमों के उल्लंघन का मामला बताया है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस विकास के खिलाफ नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कुछ भाजपा नेता, PWD अधिकारी, निजी बिल्डर और भू-माफिया निजी लाभ के लिए शामिल हैं।
कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, एक्सप्रेस-वे के मूल नक्शे और फिजिबिलिटी रिपोर्ट को सार्वजनिक करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने यह भी कहा कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आम जनता के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अवैध मार्ग को तत्काल बंद करने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया।





