July 23, 2026

नकटी प्रकरण पर कांग्रेस की बड़ी तैयारी, लोकभवन प्रदर्शन से लेकर CM निवास घेराव तक की रणनीति

रायपुर। नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के मुद्दे पर कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस की जांच समिति की बैठक में चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस, लोकभवन प्रदर्शन, राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग और मुख्यमंत्री निवास घेराव जैसे कार्यक्रमों पर मंथन किया गया।

प्रभावित परिवारों के समर्थन में कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सबसे पहले पूरे घटनाक्रम के तथ्यों को जनता के सामने रखा जाएगा। इसके बाद दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की जाएगी। पार्टी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उचित मुआवजा और दर्ज मामलों की वापसी को लेकर भी आंदोलन करेगी।

बुलडोजर कार्रवाई पर गंभीर आरोप

प्रदेश कांग्रेस जांच दल के सदस्य भावेश बघेल ने कहा कि सम्मानपुर-नकटी की घटना केवल गरीब परिवारों के घर उजड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवीय संवेदनाओं को झकझोरने वाला मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर कार्रवाई के बाद मलबे में बेजुबान पशुओं और गौवंश के दबे होने की जानकारी सामने आई है, जो बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि सरकार को पूरे घटनाक्रम की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।

न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष

भावेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेगी और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। पार्टी सड़क से लेकर सदन, राजभवन और न्यायालय तक हर लोकतांत्रिक मंच पर प्रभावितों की आवाज उठाएगी। कांग्रेस की मांग है कि प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक पुनर्वास, उचित मुआवजा और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

बैठक में जांच दल के संयोजक एवं पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र बंजारे सहित पीड़ित परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।