July 29, 2026

सुशासन तिहार में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पानी संकट पर महिलाओं ने फोड़ी मटकी

अभनपुर। गोबरा नवापारा नगर में पेयजल संकट समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान जोरदार प्रदर्शन किया। हरिहर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं खाली मटकी और तख्तियां लेकर पहुंचीं तथा सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर में अवैध रेत और अन्य खनिजों का परिवहन लगातार जारी है, जबकि अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन नहीं मिलने, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं होने और लगातार बिजली कटौती जैसी समस्याओं को लेकर भी लोगों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

पानी की समस्या पर महिलाओं का फूटा गुस्सा

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पेयजल संकट के विरोध में खाली मटकियां आयोजन स्थल पर पटककर फोड़ दीं। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने जनविरोधी नीतियां बंद करने और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

समस्याओं के समाधान की मांग

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार एक ओर सुशासन का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता पानी, बिजली, खाद और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

एसडीएम के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन

मौके पर पहुंचे अभनपुर के एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।