July 23, 2026

कांग्रेस का बड़ा यू-टर्न: बगावत के आरोप में निष्कासित 9 नेताओं की पार्टी में वापसी

सूरजपुर। जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर ने बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए नगरीय निकाय चुनाव के बाद पार्टी से निष्कासित किए गए 9 नेताओं को पुनः कांग्रेस में शामिल कर लिया है। इस संबंध में जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने आदेश जारी किया है। यह निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अनुमति से लिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार पांच पुरुष और चार महिला नेताओं की पार्टी में वापसी की गई है। इन सभी को नगरीय निकाय चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों और बगावत के आरोप में छह वर्ष के लिए निष्कासित किया गया था। अब शिवनंदपुर नगर पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद कांग्रेस ने उन्हें फिर से संगठन में शामिल कर लिया है।

पार्टी में वापसी करने वालों में शक्ति ठाकुर, पल्लवी (गुड़िया), पुष्पलता पवन साहू, अफरोज खान (कल्लू), गीता पुरी, संजीत यादव, उदय यादव, अभय विश्वकर्मा और निशा बीजू दासन शामिल हैं। ये सभी नेता सूरजपुर, बिश्रामपुर, भटगांव और जरही क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।

कांग्रेस के इस फैसले को राजनीतिक गलियारों में बड़े यू-टर्न के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी के भीतर जहां कुछ कार्यकर्ता इस निर्णय से नाराज बताए जा रहे हैं, वहीं कई नेताओं और समर्थकों ने इसे संगठन को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम बताया है। इस घटनाक्रम को लेकर जिले की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।