July 23, 2026

जर्जर सड़क पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में किया प्रतीकात्मक मछली पालन

बिलासपुर। जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कड़ार सेवार में वर्षों से जर्जर पड़ी मुख्य सड़क को लेकर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में भरे बारिश के पानी को तालाब का रूप देते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से मछली पालन किया। इस दौरान जाल फेंककर सड़क की बदहाल स्थिति के प्रति प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी हालत खस्ता बनी हुई है। बरसात के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार सड़क हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत या निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीण कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका आरोप है कि क्षेत्र के विधायक और संबंधित विभाग ने इस गंभीर समस्या की लगातार अनदेखी की है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।