July 23, 2026

दीपक बैज का दावा: सीएम निवास की बैठक में मंत्रियों और मुख्यमंत्री के बीच हुआ घमासान

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार रात हुई लंबी बैठक को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि रात 8 बजे से करीब 2 बजे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच कामकाज को लेकर तीखी बहस हुई। बैज के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के प्रदर्शन पर सवाल उठाए, जबकि मंत्रियों ने भी मुख्यमंत्री के कामकाज की समीक्षा की मांग रखी, जिससे बैठक में तनाव की स्थिति बनी।

बैज ने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब यह देखना बाकी है कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों का इस्तीफा कब होता है।

शराब की ओवररेटिंग के मुद्दे पर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब की हर बोतल पर अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है और सरकार को बताना चाहिए कि यह पैसा आखिर किसके पास जा रहा है। साथ ही उन्होंने इस मामले में जांच एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर दिए गए बयान का जवाब देते हुए बैज ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल को संभालें। उन्होंने दावा किया कि मंत्रिमंडल के भीतर ही मुख्यमंत्री पर भरोसे की कमी है और जरूरत पड़े तो भाजपा नेताओं को कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में आकर सीख लेनी चाहिए।

धान खरीदी व्यवस्था को लेकर भी बैज ने सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र से आए विधायक किसानों से सीधे बात करें और जानें कि पूर्ववर्ती सरकार की योजनाओं से किसानों को किस तरह लाभ मिलता था। साथ ही आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने टोकन व्यवस्था को जटिल बनाकर किसानों की परेशानी बढ़ाई है।