September 4, 2026

विश्व आदिवासी दिवस पर BJP की दूरी को लेकर कांग्रेस का हमला, अमरजीत भगत बोले- ‘आदिवासी समाज बहुत गुस्से में’

सूरजपुर/जगदलपुर। विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर भाजपा नेताओं की ओर से बधाई संदेश नहीं आने और आयोजनों से दूरी बनाए रखने को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा पर आदिवासी समाज की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि जिस प्रदेश का मुख्यमंत्री आदिवासी है, वहां 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस पर किसी तरह का आयोजन नहीं होना और बधाई का एक संदेश तक नहीं आना आदिवासी समाज के लिए चिंता और दुख का विषय है।

अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि देशभर में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन होते हैं, जिनमें कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल होते हैं और समाज को शुभकामनाएं देते हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ में भाजपा नेताओं ने इससे दूरी बनाए रखी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्री और भाजपा के आदिवासी नेता भी पार्टी के दबाव के कारण खुलकर अपनी भावनाएं जाहिर नहीं कर पा रहे हैं।

‘बीजेपी सरकार आने के बाद 9 अगस्त की छुट्टी खत्म’

अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद 9 अगस्त की छुट्टी खत्म कर दी गई। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आदिवासी समाज से जुड़े इस महत्वपूर्ण दिवस पर छुट्टी बहाल करने की मांग की।

उन्होंने जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। अमरजीत भगत और प्रदेश महामंत्री आदिवासी कांग्रेस विद्यासागर ने आरोप लगाया कि सरगुजा से बस्तर और रायगढ़ के तमनार तक माइनिंग क्षेत्रों में जंगलों की कटाई हो रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आदिवासी समाज अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है।

‘आंदोलन करने वाले आदिवासियों को जेल भेजा जा रहा’

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों और जल, जंगल, जमीन के लिए आंदोलन करने वाले आदिवासियों को जेल भेजा जा रहा है। अमरजीत भगत ने दावा किया कि भाजपा के मंत्री और विधायक भी इन मुद्दों पर खुलकर बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को अब यह तय करना होगा कि उसके साथ वास्तव में कौन खड़ा है और कौन केवल राजनीति कर रहा है। भगत ने आरोप लगाया कि आदिवासियों के विरोध और आंदोलनों पर कार्रवाई की जा रही है और सरकार की नीतियों का लाभ उद्योग समूहों को पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज में काफी नाराजगी है और आने वाले चुनाव में इसका असर दिखाई देगा।

बस्तर में भी भाजपा पर कांग्रेस का हमला

विश्व आदिवासी दिवस को लेकर बस्तर में भी कांग्रेस ने भाजपा नेताओं को निशाने पर लिया। कोंडागांव के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम ने जगदलपुर के राजीव भवन में प्रेस वार्ता कर भाजपा के आदिवासी नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाए।

उन्होंने मुख्यमंत्री, मंत्री केदार कश्यप, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बस्तर संभाग के विधायकों का नाम लेते हुए कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की सभ्यता, संस्कृति और पहचान को वैश्विक स्तर पर सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके बावजूद भाजपा नेताओं की ओर से बधाई संदेश तक नहीं दिया गया।

कांग्रेस ने इसे आदिवासी समाज के प्रति भाजपा की संवेदनशीलता पर सवाल के रूप में पेश किया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आदिवासी बहुल बस्तर में समाज की संस्कृति और पहचान से जुड़े मुद्दों को केवल चुनावी या राजनीतिक मंच तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि ऐसे महत्वपूर्ण अवसरों पर जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी भी दिखाई देनी चाहिए।