March 3, 2026

BJP अध्यक्ष चुनाव पर कांग्रेस का हमला : दीपक बैज बोले– बीजेपी में लोकतंत्र नहीं, सब कुछ “रिमोट कंट्रोल” से तय

रायपुर। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी में चुनाव केवल औपचारिकता है, असल में वहां अध्यक्ष का चयन मनोनयन और रिमोट कंट्रोल सिस्टम से होता है।

बैज ने कहा कि लोकतंत्र कांग्रेस में है, जहां विधिवत चुनाव होते हैं और मल्लिकार्जुन खड़गे निर्वाचित अध्यक्ष बने, जबकि बीजेपी में अध्यक्ष पहले से तय कर दिए जाते हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के नाम पर तंज कसते हुए बैज ने कहा कि बीजेपी में वोटिंग से अध्यक्ष नहीं बनते, वहां सब कुछ पहले से स्क्रिप्टेड होता है। जो भी अध्यक्ष बनेगा, वह रिमोट कंट्रोल से ही चलेगा।


🚩 मनरेगा बचाओ संग्राम पर सरकार को घेरा

मनरेगा बचाओ संग्राम को लेकर पीसीसी चीफ ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में अभियान चला रही है। ब्लॉक, पंचायत और जिला स्तर पर कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक 40 किलोमीटर से ज्यादा पदयात्रा हो चुकी है और महासमुंद में भी पदयात्रा आयोजित की जा रही है। बैज ने आरोप लगाया कि बीजेपी मनरेगा का नाम और स्वरूप बदलकर ग्रामीण जनता के अधिकार कमजोर करना चाहती है। ग्रामीणों की भी मांग है कि योजना को बंद न किया जाए।


🗣️ सीएम तय करें समय और जगह, कांग्रेस डिबेट को तैयार

पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के बयान पर पलटवार करते हुए दीपक बैज ने कहा कि अजय चंद्राकर न मंत्री हैं, न मुख्यमंत्री। अगर सरकार में हिम्मत है तो मुख्यमंत्री खुद समय और जगह तय करें और दो साल की नाकामियों पर खुली बहस करें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर चुनौती के लिए तैयार है। अजय चंद्राकर अपने मुख्यमंत्री से समय तय करवा लें।


⚖️ सोनिया गांधी पर टिप्पणी पर मांगी माफी

अजय चंद्राकर की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए बैज ने कहा कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता को ऐसी भाषा शोभा नहीं देती। उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मनरेगा किसी व्यक्ति की नहीं बल्कि देश के मजदूरों की योजना है। सरकार बताए कि मजदूरों के लिए नई योजना क्या ला रही है।


📊 2026 बजट और कैबिनेट पर सवाल

बैज ने कहा कि कई कैबिनेट बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन ठोस फैसले क्या हुए, यह सरकार बताए।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार 2047 की बातें करती है, जबकि वर्तमान समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं है। 2026 के बजट से इस सरकार का सीधा सरोकार नहीं दिख रहा।


📚 भर्ती नहीं कर रही सरकार : बैज

पीसीसी चीफ ने कहा कि वे D.Ed अभ्यर्थियों से मिलने तूता जा रहे हैं। प्रदेश में 1300 से अधिक पद खाली हैं, जिनके लिए अभ्यर्थी भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

उन्होंने कहा कि कोर्ट के निर्देश के बावजूद सरकार भर्ती नहीं कर रही। सवाल उठाते हुए कहा कि क्या चार साल बाद नौकरी मिलेगी? योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिलना चाहिए, लेकिन सरकार जानबूझकर देरी कर रही है।


🌾 धान मुद्दे पर सरकार पर तंज

धान में चूहों से नुकसान के मुद्दे पर बैज ने कहा कि असली सवाल धान का उठाव क्यों नहीं हुआ। बेमेतरा में करीब 50 हजार क्विंटल धान पड़ा है और यही हाल पूरे प्रदेश का है।

उन्होंने कहा कि यह जनता की गाढ़ी कमाई की लूट है। तंज कसते हुए बोले—
“प्रदेश को चूहे नहीं, सरकार के 14 ‘चूहे’ खा रहे हैं।”

बैज ने कहा कि कांग्रेस जनता के हक की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।