रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सड़क पर उतरने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रभावित ग्रामीणों के साथ नकटी गांव से राजभवन तक पदयात्रा निकालेंगे और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग करेंगे।
कांग्रेस का कहना है कि राज्यपाल से मुलाकात के लिए पहले भी समय मांगा गया था, लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिल सकी है। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने राजभवन को पत्र लिखकर समय देने का अनुरोध किया था। इसके बाद 15 जुलाई को प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात सुनिश्चित कराने के लिए एक रिमाइंडर पत्र भी भेजा गया है।
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने की। इस दौरान पदयात्रा की रूपरेखा, जिम्मेदारियों और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि बैठक में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, अनिता शर्मा, महामंत्री दीपक मिश्रा, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, एजाज ढेबर, पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा, संयुक्त महामंत्री अशोक राज आहुजा, पूर्व ग्रामीण जिला अध्यक्ष उधो राम वर्मा, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, शिव सिंह ठाकुर, बीरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन, असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक, धरसीवा ब्लॉक अध्यक्ष आशीष वर्मा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।





