महासमुंद। जिले के सांकरा थाना में पदस्थ एक आरक्षक का कथित रूप से चालान की कॉपी देने के एवज में 2500 रुपये लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं और संबंधित आरक्षक को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में सांकरा थाना में पदस्थ आरक्षक अरुण प्रताप सिंह एक फोटो कॉपी दुकान में पैसे लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि चालान की प्रति उपलब्ध कराने के बदले 2500 रुपये की मांग की गई थी और पूरी राशि वसूली गई।
नियमों के खिलाफ वसूली का आरोप
नियमानुसार चालान की प्रति संबंधित पक्ष को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में पैसे लेने के आरोप सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी वीडियो को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है।
जांच प्रभावित न हो, इसलिए किया गया लाइन अटैच
मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया वीडियो में दिखाई देने वाला पुलिसकर्मी सांकरा थाना में पदस्थ आरक्षक प्रतीत हो रहा है। जांच निष्पक्ष रूप से हो सके, इसलिए उसे तत्काल पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट होगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरक्षक के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।





