July 29, 2026

सड़क हादसे में घायल आरक्षक की इलाज के दौरान मौत, दो लोगों का इलाज जारी

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में घायल पुलिस आरक्षक रुपेश राजपूत की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल एक अन्य पुलिसकर्मी समेत दो लोगों का इलाज जारी है। मामला लोहारा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षक रुपेश राजपूत डीएसबी शाखा में पदस्थ थे। सोमवार को वह अपने साथी आरक्षक रेखूराम धुर्वे के साथ लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव से संबंधित जानकारी एकत्रित करने ड्यूटी पर गए थे। ड्यूटी पूरी कर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान लोहारा नगर पंचायत सीमा क्षेत्र में सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक सवार युवक भी घायल हुआ।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आरक्षक रुपेश राजपूत को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया था।

रायपुर में तीन दिन तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद आखिरकार आरक्षक रुपेश राजपूत ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य दो लोगों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि दो बाइकों की भिड़ंत में दो पुलिसकर्मियों समेत तीन लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल आरक्षक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।