July 29, 2026

पोंडी उपरोड़ा में CEO ट्रांसफर पर बवाल, जनप्रतिनिधियों ने किया सुशासन तिहार का बहिष्कार

कोरबा। जनपद पंचायत पोंडी उपरोड़ा में प्रशासनिक फेरबदल के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कोरबा द्वारा जारी आदेश के तहत पोंडी उपरोड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जय प्रकाश डड़सेना को जिला पंचायत कोरबा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं उनके स्थान पर भूपेन्द्र कुमार सोनवानी को आगामी आदेश तक पोंडी उपरोड़ा जनपद पंचायत का प्रभार सौंपा गया है।

इस अचानक हुए तबादले के बाद जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य सदस्यों ने इस फैसले का विरोध करते हुए ‘सुशासन तिहार’ के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है।

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जय प्रकाश डड़सेना ईमानदार और कार्यकुशल अधिकारी हैं, जिन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण किया। उनका आरोप है कि सुशासन तिहार के बीच इस तरह का ट्रांसफर विकास कार्यों को प्रभावित करेगा।

जनपद उपाध्यक्ष ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है और ऐसे समय में क्षेत्र की जानकारी रखने वाले अधिकारी को हटाना गलत निर्णय है। उन्होंने आदेश वापस लेने की मांग की है।

वहीं जनपद अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सीईओ की वापसी नहीं हुई तो जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वे पहले शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग प्रभारी मंत्री, स्थानीय मंत्रियों और कलेक्टर के समक्ष रखेंगे। मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरने और आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।