July 30, 2026

मतांतरित व्यक्ति के अंतिम संस्कार को लेकर गांव में विवाद, प्रशासन की मध्यस्थता से सुलझा मामला

धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मड़ाईभाठा में एक मतांतरित व्यक्ति के निधन के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। शव को गांव में दफनाने की तैयारी की सूचना मिलने पर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए तथा प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई। कुछ समय के लिए गांव में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से मामला शांतिपूर्वक सुलझा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक ने पूर्व में मतांतरण कर अन्य धार्मिक पद्धति को अपना लिया था। इसी आधार पर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने तर्क दिया कि अंतिम संस्कार उसी धर्म की परंपराओं और निर्धारित स्थल पर किया जाना चाहिए। संगठन के सदस्य डाकेश्वर साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को अपनी आपत्ति से अवगत कराया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भखारा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से चर्चा कर विवाद का समाधान निकालने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद इस बात पर सहमति बनी कि मृतक का अंतिम संस्कार गांव में नहीं, बल्कि ईसाई समुदाय के कब्रिस्तान में किया जाएगा।

प्रशासनिक सहमति बनने के बाद देर शाम मृतक के शव को ईसाई कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार दफनाया गया। अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया पुलिस और प्रशासन की निगरानी में संपन्न हुई।

घटना के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रशासन की समझाइश और दोनों पक्षों के सहयोग से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया।

हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते हस्तक्षेप होने से संभावित विवाद टल गया और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रही। वहीं स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी संवेदनशील मामले में कानून का पालन करने की अपील की है।