दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव। दुर्ग संभाग में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए जेबकतरी, साइबर ठगी, अवैध शराब कारोबार और मारपीट के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं खेल अलंकरण पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। राजनांदगांव मंडी में श्रमिकों के सामूहिक अवकाश से नीलामी प्रभावित रही, जबकि छह उपद्रवियों को जेल भेजा गया। दूसरी ओर खैरागढ़ में कांग्रेस के 10 कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
ऑटो में जेब से 74 हजार उड़ाने वाले चालक और साथी गिरफ्तार
भिलाई-3 पुलिस ने ऑटो में सफर कर रहे व्यक्ति की जेब से 74 हजार रुपये चोरी करने के मामले में ऑटो चालक और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता अरविंद कुमार बैंक में रकम जमा कराने जा रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने सीट बदलवाकर जेब से नकदी पार कर दी। जांच के बाद पुलिस ने बॉबी गुरजीत सिंह और धीरज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध शराब बेचते दो आरोपी गिरफ्तार
उतई थाना पुलिस ने ग्राम उमरपोटी के गौठान के पास दबिश देकर भुनेश्वर आग्नेकर उर्फ भुवनु और नकुल वर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 30 पौवा देशी शराब (5.4 बल्क लीटर) जब्त की गई।
साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार
भिलाई-3 पुलिस ने म्यूल अकाउंट गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नौ युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी 2 हजार से 10 हजार रुपये कमीशन लेकर साइबर ठगों को बैंक खाते किराये पर उपलब्ध कराते थे। आरोपियों के पास से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार के लिए 5 अगस्त तक आवेदन
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार, नगद पुरस्कार और खेलवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित की गई है। इच्छुक खिलाड़ी, प्रशिक्षक और निर्णायक जिला कार्यालय या विभागीय वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
अवैध शराब-गांजा का विरोध करने वाले शिक्षक पर हमला
अण्डा क्षेत्र के ग्राम चंदखुरी में अवैध शराब और गांजा बिक्री का विरोध करना एक शिक्षक को भारी पड़ गया। शिक्षक नरसिंग बारले ने आरोप लगाया है कि विरोध से नाराज दो आरोपियों ने उन पर ईंट और नुकीली वस्तु से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
जामुल पुलिस ने शराब पीने के लिए पैसे मांगने, मारपीट करने और वाहन में तोड़फोड़ करने के आरोपी दुर्गेश बंजारे को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पहले पीड़ित से एक हजार रुपये वसूले और बाद में उसके वाहन में भी तोड़फोड़ की थी।
रेजाओं के अवकाश से मंडी की नीलामी प्रभावित
राजनांदगांव कृषि उपज मंडी में श्रमिकों के सामूहिक अवकाश के चलते धान और अन्य कृषि उपज की तुलाई तथा नीलामी प्रभावित रही। मंडी प्रशासन के अनुसार प्रतिदिन 30 से 35 हजार कट्टा धान की आवक होती है, लेकिन श्रमिकों की अनुपस्थिति से व्यापारिक गतिविधियां धीमी पड़ गई हैं।
उपद्रव मचाने वाले छह बदमाश जेल भेजे गए
राजनांदगांव जिले में बसंतपुर और सुरगी पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए शांति व्यवस्था भंग करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
खैरागढ़ में कांग्रेस के 10 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
खैरागढ़ के ग्राम गातापार जंगल में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के 10 कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नलिनीश ठोकने की मौजूदगी में सभी कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा संगठन की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।





