March 4, 2026

दंतेवाड़ा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 191 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

दंतेवाड़ा, 10 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आज माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंढक डोबरा मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माँ दंतेश्वरी को साक्षी मानकर 48 कुंडों में 191 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे।

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया और नव विवाहित जोड़ों को सुखमय एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी। मौके पर विधायक श्री चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविन्द कुंजाम, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री वरुण नागेश सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न इस समारोह में समाजिक समरसता और आदिवासी संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। इस वर्ष समारोह में आत्मसमर्पित नक्सली युगल हिडमें और बामन ने भी सात फेरे लेकर समाज के मुख्यधारा में प्रवेश किया। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय सरपंच ने भी विवाह संस्कार संपन्न कराए।

शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े को 35,000 रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। आयोजन और साज-सज्जा पर प्रति जोड़े 15,000 रुपये की राशि खर्च की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और सुखी, शांति और समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की।