दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बालूद स्थित ‘छू लो आसमान’ बॉयज हॉस्टल में कक्षा 10वीं के एक छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रौशन तेलाम के रूप में हुई है, जो कुआकोंडा ब्लॉक के नेरली गांव का निवासी था। घटना आज तड़के लगभग 3 बजे की बताई जा रही है। साथी छात्र जब बाथरूम की ओर गए तो उन्होंने रौशन को हॉस्टल की सीढ़ियों की ग्रिल से फंदे पर लटका देखा।
इसके बाद हॉस्टल अधीक्षक को सूचना दी गई, जिन्होंने तत्काल पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि छात्र के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में मां तथा बड़ा भाई हैं। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो मदद लेना बेहद जरूरी है। परिजनों और मित्रों से बात करना तथा पेशेवर सहायता लेना जीवन बचा सकता है।





