March 4, 2026

दंतेवाड़ा ने बस्तर पंडुम 2026 में 12 में से 3 विधाओं में जीते प्रथम पुरस्कार

दंतेवाड़ा, 10 फरवरी 2026: गत दिवस जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम 2026 में दंतेवाड़ा जिले के कलाकारों ने शानदार प्रदर्शन किया और 12 विधाओं में से 3 विधाओं में प्रथम पुरस्कार हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।

इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विजेता कलाकारों और दलों को 50-50 हजार रुपये के चेक एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

जनजातीय नृत्य विधा में गौर माड़िया नृत्य के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बुधराम सोढ़ी को, जनजातीय व्यंजन विधा में श्रीमती ताराबती को तथा जनजातीय गीत विधा में ग्राम पालनार के गायन दल की मगली एवं उनके साथियों को पहला स्थान मिला।

दंतेवाड़ा के कलाकारों ने अपने प्रदर्शन से बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नृत्य, गीत, साहित्य, व्यंजन, पेय पदार्थ, औषधि, वेशभूषा-आभूषण, चित्रकला, वाद्ययंत्र और नाटक सहित कुल 12 विधाओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में 30-30 हजार रुपये और 20-20 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए, जबकि शेष 48 प्रतिभागी दलों को प्रोत्साहन स्वरूप 10-10 हजार रुपये दिए गए।