भिलाईनगर: दुर्ग बना डिजिटल एफआईआर लागू करने वाला प्रदेश का पहला जिला
दुर्ग जिला छत्तीसगढ़ का पहला जिला बन गया है, जहां विवेचक और फरियादी दोनों के ई-साइन (डिजिटल हस्ताक्षर) के माध्यम से पूरी तरह डिजिटल एफआईआर प्रक्रिया लागू कर दी गई है। नई व्यवस्था से एफआईआर पंजीयन अधिक पारदर्शी, सुरक्षित, समयबद्ध और पेपरलेस होगा। साथ ही एफआईआर की कॉपी सीधे ऑनलाइन कोर्ट भेजी जाएगी, जिससे पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी।
बीएसपी टाउनशिप के संपत्ति सर्वे पर फिलहाल रोक
भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) टाउनशिप क्षेत्र में चल रहे संपत्ति सर्वे को शासन के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल रोक दिया गया है। नगर निगम और बीएसपी के बीच संपत्ति कर को लेकर विवाद के चलते अब रायपुर में विभागीय बैठक के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बीएमएस की नई कार्यकारिणी घोषित
भिलाई इस्पात मजदूर संघ (बीएमएस) ने नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। वंशबहादुर सिंह को कार्यकारी अध्यक्ष, प्रदीप कुमार पाल को अध्यक्ष और दिनेश कुमार पांडेय को महामंत्री बनाया गया है। नई कार्यकारिणी का गठन पंजीयक, व्यावसायिक संघ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया गया।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए साइबर सुरक्षा सहित नए सर्टिफिकेट कोर्स
छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए पहली बार साइबर सुरक्षा, योग एवं ध्यान तथा श्रीमद्भगवद्गीता आधारित जीवन कौशल के 30 दिवसीय सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए हैं। ऑनलाइन आवेदन 25 जुलाई तक किए जा सकते हैं।
बीएसपी कर्मचारियों के लिए नई सुविधाओं की तैयारी
बीएसपी प्रबंधन ने जून 2026 के बाद आवंटित होने वाले आवासों में टाइल्स लगाने, पुरानी जल पाइपलाइन बदलने और टाउनशिप की सुविधाओं में सुधार की जानकारी दी। वहीं लाइसेंस और रिटेंशन स्कीम से जुड़े नए नियम सेल स्तर पर तैयार किए जा रहे हैं।
पतोरा स्कूल की प्रधानपाठिका के खिलाफ जांच शुरू
दुर्ग जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतोरा की प्रधानपाठिका के खिलाफ पालकों और स्कूल प्रबंधन समिति की शिकायत पर जिला शिक्षा अधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति ने स्कूल पहुंचकर बच्चों, पालकों और शिक्षकों के बयान दर्ज किए हैं।
3.28 एकड़ शासकीय भूमि से हटाया अतिक्रमण
राजनांदगांव जिले के ग्राम खुटेरी में प्रशासन ने 3.28 एकड़ शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाया। राजस्व विभाग ने ट्रैक्टर की मदद से भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया और संबंधित लोगों को दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी।
रेलवे ओवरब्रिज पर ट्रक फंसा, 14 घंटे तक लगा जाम
राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर ट्रक फंसने से करीब 14 घंटे तक जाम लगा रहा। स्कूली बच्चे, कार्यालय कर्मचारी, एंबुलेंस और अन्य वाहन घंटों फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने वर्षों से लंबित रेलवे अंडरब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने और स्थायी समाधान की मांग की है।





