दंतेवाड़ा, 13 फरवरी 2026 – जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने आज जिला अस्पताल दंतेवाड़ा का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, वार्ड, उपचार कक्ष, ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, प्रसव कक्ष, एसएनसीयू, लैब कक्ष और औषधि भंडारण कक्ष सहित अन्य विभागीय व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि रोगी दृष्टिकोण से स्व-मूल्यांकन कर किसी भी कमी की पहचान की जाए और समय-सीमा निर्धारित कर सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। एसएनसीयू और प्रसव कक्ष में नवजात शिशुओं के पृथक संधारण, फिजियोथेरेपी आउटरीच कैंप की शीघ्र शुरुआत और नियमित क्षेत्रीय मूल्यांकन करने के भी निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने मरीजों एवं परिजनों से बातचीत कर उपचार की गुणवत्ता पर फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान डीपीएम श्री प्रतीक सोनी, डॉ. प्रियंका सक्सेना, अस्पताल सलाहकार चंद्रशिलापुरम और अन्य स्वास्थ्य अधिकारी तथा अस्पताल प्रबंधन के कर्मचारी उपस्थित रहे।




