दंतेवाड़ा | 12 फरवरी 2026
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र तथा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ड्रग वेयरहाउस, गीदम) का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता एवं संसाधनों की स्थिति का बारीकी से जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया, जहां फिजियोथेरेपी कक्ष, नेत्र परीक्षण कक्ष, डॉट्स प्रयोगशाला, स्टोर रूम, चिकित्सक कक्ष, दंत चिकित्सा कक्ष, लैब टेस्ट कक्ष, ईसीटीसी, सैंपल संग्रह कक्ष एवं ड्रेसिंग रूम सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, वार्डों की स्वच्छता, शौचालयों की स्थिति, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, दवाइयों व उपकरणों की उपलब्धता और अभिलेख संधारण की समीक्षा की।
कलेक्टर ने मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासकीय कर्मचारियों एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य करने तथा अस्पताल की कागजी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। स्टोर रूम में दवाइयों के स्टॉक की जानकारी लेते हुए नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रत्येक 10 दिवस में स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण करने, कर्मचारियों की छुट्टियों की मॉनिटरिंग करने तथा नर्सिंग स्टेशन में ड्यूटी रोस्टर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही ईसीटीसी कक्ष के प्रभारी तकनीशियन की लापरवाही पर नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से संवाद कर उपचार व सुविधाओं की जानकारी ली और बेहतर इलाज एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। सोनोग्राफी कक्ष, प्रसव कक्ष, मातृ एवं शिशु वार्ड सहित अन्य कक्षों का अवलोकन कर साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता एवं सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं परिजनों से चर्चा कर फीडबैक लिया तथा छोटी-छोटी आवश्यकताओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
अंत में कलेक्टर ने ड्रग वेयरहाउस गीदम का निरीक्षण कर दवाओं के भंडारण, आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रणाली को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. अजय रामटेके, डीपीएम श्री प्रतीक सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




